महिला आरक्षण से राजनीति में बढ़ेगी भागीदारी : साध्वी निरंजन ज्योति

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण से राजनीति में बढ़ेगी भागीदारी : साध्वी निरंजन ज्योति


प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रयागराज दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए शुक्रवार को महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और इस विधेयक के लागू होने से राजनीति में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि 17वीं लोकसभा के दौरान जब वे केंद्रीय मंत्री थीं, उसी समय नारी शक्ति वंदन अधिनियम आया था। अब संसद में इस पर बहस के बाद महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में संवैधानिक दर्जा मिलेगा।

तीन राज्यों—पुडुचेरी, असम और केरल में हुए मतदान पर उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर लोकतंत्र में अपना विश्वास जताया है। वहीं पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां कुछ लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान पर भरोसा नहीं कर रहे, जो चिंता का विषय है।

संगम स्नान और लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन

दौरे के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने त्रिवेणी संगम में स्नान कर लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान नमामि गंगे के सदस्यों ने भाजपा प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी के नेतृत्व में उनका स्वागत किया।

सर्किट हाउस में साध्वी निरंजन ज्योति का किया गया स्वागत

भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर, जिला महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत भदौरिया, जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, अरुण पटेल, अजय सिंह, रवि केसरवानी, मनोज कुशवाहा, दीप द्विवेदी, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story