विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का तुरंत निस्तारण करें, जर्जर पोल बदलें : विधायक

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का तुरंत निस्तारण करें, जर्जर पोल बदलें : विधायक


गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर, मंडलायुक्त ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

हर उपकेंद्र पर अधिकारियों के नंबर होंगे प्रदर्शित, मई अंत तक कई परियोजनाएं होंगी पूरी

झांसी, 07 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रशासन और विद्युत विभाग सक्रिय हो गया है। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सदर विधायक रवि शर्मा ने अधिकारियों को बिजली व्यवस्था सुधारने और शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विधायक रवि शर्मा ने कहा कि बिजली शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक उपकेंद्र पर संबंधित अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए जाएं। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की विद्युत लाइनों को अलग करने, क्षतिग्रस्त पोल बदलने तथा आंधी के दौरान बाधित आपूर्ति को प्राथमिकता पर बहाल करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित बिजली समस्याओं का भी अधिकारी स्वतः संज्ञान लें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य अभियंता केपी खान ने बताया कि शहर में 16 उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। जेल चौराहा उपकेंद्र पर नया 33 एमवीए ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया गया है। वहीं अठौंदना उपकेंद्र को एक सप्ताह में शुरू किया जाएगा, जिससे नंदनपुरा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बेहतर होगी।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बिजली संबंधी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों को भी कार्रवाई से अवगत कराया जाए। इस अवसर पर शहरी उपखण्ड विद्युत के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।

नए ट्रांसफार्मर और उपकेंद्रों पर काम जारी

विभाग ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में कई ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है और नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। आगामी वित्तीय वर्ष में भी 131 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर में नए 132 केवी पारेषण उपकेंद्र की स्थापना की तैयारी चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story