गंगा दशहरा को लेकर एसपी ने किया रूट डायवर्जन

WhatsApp Channel Join Now
गंगा दशहरा को लेकर एसपी ने किया रूट डायवर्जन


गंगा दशहरा को लेकर एसपी ने किया रूट डायवर्जन

फर्रुखाबाद ,23 जून (हि.स.)। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर पांचाल घाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष रूट डायवर्जन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था मंगलवार शाम 7 बजे से गंगा स्नान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

गंगा दशहरा पर पांचाल घाट में जिले के अलावा एटा, कासगंज, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं समेत कई जनपदों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर मालवाहक वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था बनाई गई है।

कन्नौज की ओर से फतेहगढ़ आने वाले ट्रक, टैंकर व अन्य भारी वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर मोड़ा जाएगा। छिबरामऊ होकर आने वाले वाहनों को मैनपुरी जनपद के बेवर की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि बेवर से फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहनों को वहीं रोक दिया जाएगा। एटा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को अलीगंज बॉर्डर पर रोका जाएगा।

इसी प्रकार शाहजहांपुर और बरेली की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों को अल्लाहगंज, हुल्लापुर और शाहजहांपुर में ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। हरदोई जनपद से आने वाले वाहनों को रूपापुर तथा जरियांपुर चौराहे से ढाई घाट और शमशाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को जरियांपुर में ही रोका जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है। बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं मार्ग से आने वाले वाहनों को चेतना पार्क में पार्क कराया जाएगा। इटावा और छिबरामऊ मार्ग से आने वाले छोटे वाहनों के लिए राधा रानी हॉस्पिटल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं नवाबगंज, शमशाबाद, लालगेट तिराहा, कादरीगेट और लकूला रोड की ओर से आने वाले वाहनों को मल्टी गार्डन में पार्क किया जाएगा। मिलिट्री चौराहा से आर्मी कैंट मार्ग होते हुए आने वाले वाहनों के लिए सोनू टोल को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि गंगा दशहरा पर्व सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story