मछलीशहर में संघ का पथ संचलन, स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
मछलीशहर में संघ का पथ संचलन, स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान


जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मछलीशहर तहसील में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को फौजदार इंटर कॉलेज प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सह प्रांत शारीरिक शिक्षण प्रमुख संजीव कुमार ने बौद्धिक उद्बोधन देते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेते हैं। उन्होंने समाज में एकता और समरसता पर जोर देते हुए कहा कि यह धरती हमारी माता है और यहां रहने वाले सभी लोग हमारे भाई हैं। जातीय भेदभाव को समाप्त कर हिंदू समाज की एकजुटता से ही राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाया जा सकता है।संजीव कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का लगभग 100 वर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है, जो समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर योगदान देता रहा है।कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा भव्य पथ संचलन निकाला गया। यह संचलन फौजदार इंटर कॉलेज से शुरू होकर तहसील तिराहा, बादशाहपुर चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान नगरवासियों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त नायब सूबेदार रामसमुझ यादव ने की, जबकि आयोजन जिला प्रचारक राजेंद्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला कार्यवाह नंदराज, सह जिला संघचालक डॉ. गुलाब सहित अनेक स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story