संघ पिछले 100 वर्षों से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का कर रहा है कार्य : भवानी भीख
कानपुर, 26 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पिछले 100 वर्षों से समाज के बीच रहकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। स्वयंसेवक हर परिस्थिति में राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तैयार रहते हैं। यह बातें मंगलवार को संघ के कानपुर प्रांत संघ चालक भवानी भीख तिवारी ने सिविल लाइंस स्थित यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षाविदों की प्रमुख जन संगोष्ठी में कहीं।
कार्यक्रम का आयोजन संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षाविद, प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षक शामिल हुए। संगोष्ठी की अध्यक्षता डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी ने की, जबकि प्रोफेसर डॉ. यतींद्र सिंह ने द्वितीय प्रमुख वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। भवानी भीख तिवारी ने अपने संबोधन में संघ की 100 वर्षों की विचार यात्रा, शाखा व्यवस्था और व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य कर रहा है और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
प्रोफेसर डॉ. यतींद्र सिंह ने कहा कि अंग्रेजों और कम्युनिस्ट विचारधारा से प्रभावित इतिहास लेखन ने समाज को बांटने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति और शोध के माध्यम से सही इतिहास को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संघ द्वारा संचालित पंच प्रण — समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, नैतिक कर्तव्य और स्व का बोध — को सामाजिक परिवर्तन का आधार बताया।
कार्यक्रम के अंत में यूनाइटेड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी ने सभी अतिथियों और शिक्षाविदों का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में वेणु रंजन भदोरिया, बृजमोहन सिंह, परमानंद शुक्ला, राम बहादुर पाल, अजय पांडे, शंभू, विनीत, आदित्य पाल, अशोक शुक्ला, एमडी द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षामित्र मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

