भारतीय संस्कृति, त्योहार, परंपराएं और विरासत अद्भुत हैं : डॉ दिनेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय संस्कृति, त्योहार, परंपराएं और विरासत अद्भुत हैं : डॉ दिनेश शर्मा


-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ विभाग ने आयोजित किया दीपोत्सव एवं कार्यकर्ता परिवार मिलन कार्यक्रम

-ऐसे ही कार्यक्रम भारत को एकता के सूत्र में पिराेते हैं : डॉ शर्मा

-त्योहारों—परंपराओं को जीवित रखना हमारी जिम्मेदारी: अनिल

लखनऊ , 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उप राज्यपाल डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति, त्योहार, परंपराएं और विरासत अद्भुत हैं। एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में यह देश लगातार समृद्ध हो रहा है और अब भारत न तो दबता और न किसी को दबाता है। अगर कोई आंख उठाकर देखने की कोशिश करता है तो घर में घुसकर मारने की ताकत रखता है।

मुख्य अतिथि के रूप में डॉ शर्मा मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ विभाग द्वारा आयोजित दीपोत्सव एवं कार्यकर्ता परिवार मिलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन सिटी मॉन्टेसरी स्कूल ऑडिटोरियम (शहीद पथ), गोमती नगर विस्तार, लखनऊ में आयोजित किया गया। विधि विधान से कार्यक्रम का शुभारंभ होने के बाद कलाकाराें ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अपने संबोधन में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उप राज्यपाल डॉ शर्मा ने कहा कि कजरी व अन्य विलुप्त हो रही सांस्कृतिक विधाओं की यहां की गयी प्रस्तुतियां अद्भुत रहीं। यही भारतीय संस्कृति की विविधता और विरासत है। इसीलिए तरह—तरह के त्योहार मनाए जाते हैं। अभी दीपोत्सव, अन्नकूट पर्व मनाए जा रहे हैं। अन्नकूट का उद्देश्य यही है कि कोई भी भूखा न रहे।

आने वाले दिन स्वर्णिम इतिहास के साक्षी बनने वाले हैं

उप राज्यपाल डॉ शर्मा ने कहा कि आज पूरा देश एक सूत्र में मजबूती के साथ खड़ा है। देश की जनता अपने नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ी है और कह रही है कि हम अपनी रक्षा कर सकते हैं। दुश्मन को जवाब भी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिन स्वर्णिम इतिहास के साक्षी बनने वाले हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और वीर सावरकर की जेल यात्रा से जुड़े विभिन्न प्रसंगाें की चर्चा करते हुए डॉ शर्मा ने कहा कि एक अंधेरी कोठरी में वीर सावरकर ने दस साल बिताए। उसी जेल में बंद अपने भाई से भी नहीं मिल पाते थे। उन्हाेंने स्वतंत्रता संग्राम की किताब लिखी। यह पुस्तक देश के पहले प्रेस नवल किशाेर प्रेस ने छापी थी। ऐसे वीर नायकाें के संघर्ष के बाद देश काे आजादी मिली है। वहां नेता जी सुभाषचंद्र बाेस ने तिरंगा फहराया था।

भारत अपने गौरवशाली नेतृत्व के कारण हर प्रकार से है सक्षम

भारत की सैन्य और आर्थिक शक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत अपने गौरवशाली नेतृत्व के कारण हर प्रकार से सक्षम है। अपनी आजादी की रक्षा करना भी जानता है और किसी से दबता भी नहीं है। अपनी संस्कृति के अनुरूप न तो किसी को दबाता है और न ही किसी को परेशान करता है लेकिन अगर कोई दुश्मन आता है तो उसे घर में घुसकर मारने की क्षमता भी रखता है। डॉ शर्मा ने कार्यक्रम को राष्ट्रीयकरण का पर्याय बताते हुए कहा कि ऐसे ही कार्यक्रम भारत को एकता के सूत्र में पिराेते हैं और इस भव्य आयोजन के लिए साधुवाद देते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने इस आयोजन की पृष्ठभूमि की चर्चा करते हुए इस कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तार से चर्चा की; उन्होंने कहा कि इन तीज—त्योहारों व और पर्वों के कारण ही भारतीय संस्कृति बच पायी है। भारत विश्व रंगमंच पर मजबूती से खडा हुआ है और विधर्मी आंक्रांताओं ने देश को लूटा लेकिन वे समाप्त नहीं कर पाए , लेकिन आज तीज त्योहारों पर हमला किया जा रहा है;इन त्योहारों को खाने-पीने के त्योहारों में बदला जा रहा है और यह बहुत ही गंभीर विषय है, इसे समझना होगा।

100 वर्षों से समाज काे संगठित करने में जुटा है संघ

आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ अपनी 100 साल की यात्रा में संपूर्ण समाज को संगठित करने में लगा हुआ है। सनातन परंपराओं, भारतीय संस्कृति को जीवित रखने के लिए होली मिलन, दीवाली मिलन जैसे अनेकोंनेक आयोजन किये जा रहें हैं। उन्होंने वर्ष 1952 में नाना जी देशमुख द्वारा गोरखपुर में होलिकोत्सव समिति के गठन ओर होली पर्व मनाने के घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि अगर होली कैसी मनायी जाती है,यह देखना है तो गोरखपुर जाइए। अद्भुत वातावरण होता है और शोभायात्रा में हजारों लोग जुटते हैं। अब इसी तरह अन्य जिला मुख्यालयों में भी आयोजन होने लगे हैं। लखनऊ में भी आयाेजन किये जा रहे हैं।

त्योहारों—परंपराओं को जीवित रखना हमारी जिम्मेदारी

तीज त्योहारों की विशालता और उनकी उपयोगिता को भारत का प्राण बताते हुए क्षेत्र प्रचारक अनिल ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि तीज त्योहारों को जीवित रखें और आने वाली पीढी को ठीक उसी प्रकार दें जैसे हमारे आपके पुरखों ने हमें दिया है। भारतीय संस्कृति और त्योहार दुनिया को शांति का संदेश देते हैं और भारतीय संस्कृति पूरी तरह से सक्षम है। इस अवसर पर उन्होंने देव दीवाली ओर छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों का समाज के लिए बहुत उपयोग है, क्योंकि इस प्रकार के कार्यक्रमों से ही सामाजिक एकता मजबूत होती है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल, उप्र सरकार के मंत्री एके शर्मा, दयाशंकर सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, भाजपा प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story