आरएसएस और केएम हॉस्पिटल ने लगाया विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर

WhatsApp Channel Join Now
आरएसएस और केएम हॉस्पिटल ने लगाया विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर


जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारा मुख्य लक्ष्य है: किशन चौधरी

मथुरा, 26 अक्टूबर(हि.स.)। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (महाराणा प्रताप नगर) एवं के.एम. हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर रियल पब्लिक स्कूल, चंद्रपुरी में सुबह 10 बजे से आयोजित किया गया, जिसमें नगर और चंद्रपुरी बस्ती के सैकड़ों माताओं, भाइयों एवं स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि मदन गोपाल (पूर्व अध्यक्ष, बार एसोसिएशन), जी.पी. प्रजापति (चेयरमैन, रियल पब्लिक स्कूल), पुनीत प्रजापति (वाइस चेयरमैन), ललित (महाराणा प्रताप नगर शारीरिक प्रमुख) ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

शिविर में केएम हॉस्पिटल के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. पुलकित, डॉ. अमर, डॉ. अँचल, डॉ. इस्का, डॉ. मनदीप, डॉ. उर्वेश ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क परामर्श दिया। इस स्वास्थ्य शिविर में ंशुगर (डायबीटीज), ब्लड प्रेशर, हृदय संबंधी जांच और आंखों की जांच निःशुल्क की गई तथा हड्डी एवं जोड़ रोग, महिला एवं बाल रोग, तथा दांतों की सामान्य जांच भी की गई।

केएम मेडीकल कालेज एंड हॉस्पिटल चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त, आवश्यकता पड़ने पर एम्बुलेंस और रेफरल की सुविधा भी सुनिश्चित की गई थी। वहीं केएम हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने अपने संदेश में कहा, समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति और जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। महर्षि वाल्मीकि जयंती के इस पवित्र अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहयोग से यह शिविर आयोजित करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। इस तरह के आयोजनों से समाज के सभी वर्गों को सुलभ चिकित्सा लाभ और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता मिलती है। इस प्रकार के शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा। शिविर से वंचित लोग परेशान न होकर सीधे हॉस्पिटल पहुंचे जहां उनका इलाज फ्री ओपीडी के साथ किया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर के स्वयंसेवकों ने बेहद सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने इस बात पर जोर दिया कि सेवा भाव से जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इस तरह के सेवा कार्यों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है। शिविर में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व आयोजकों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। शिविर की सफलता में मुख्य रूप से केएम अस्पताल की मार्केटिंग टीम के जनरल मैनेजर आशीष शर्मा, मैनेजर आमीन खांन सहित कैम्प इंचार्ज दीपक कंसल, फार्मेसी के नन्दू और नर्सिंग विभाग से कान्हा का विशेष सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767378 Articles

Share this story