भारत को परम वैभव पर ले जाना आरएसएस का एकमात्र लक्ष्य: अभय

WhatsApp Channel Join Now
भारत को परम वैभव पर ले जाना आरएसएस का एकमात्र लक्ष्य: अभय


लखनऊ/बहराइच, 01 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बहराइच की ओर से रविवार को कपूरथला स्थित उत्थान सभागार में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्र धर्म जागरण संयोजक अभय उपस्थित रहे।

इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र धर्म जागरण संयोजक अभय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले 100 वर्षों से निरंतर सुसंस्कृत, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित स्वयंसेवक तैयार कर समाज को संगठित करने का कार्य कर रहा है। संघ का एकमात्र लक्ष्य भारत को परम वैभव पर ले जाना है।

समाज में संघ को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग संघ के मूल विचार को नहीं जानते, उन्होंने समाज में इसे गलत रूप से परिभाषित करने का प्रयास किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ किसी भी समाज या वर्ग का विरोधी नहीं है। संघ का कार्य राष्ट्र हित सर्वोपरि रखते हुए समाज को एकजुट करना है। संघ के स्वयंसेवक हर उस कार्य के लिए तत्पर हैं, जो राष्ट्र को उन्नति की ओर ले जाए।

अभय ने कहा कि शताब्दी वर्ष में संघ ने समाज की सज्जन शक्ति को साथ लेकर विश्व के सामने एक समर्थ, समृद्ध और आदर्श भारत का स्वरूप प्रस्तुत करने का संकल्प लिया है। संघ के स्वयंसेवक इस कार्य के लिए अहर्निश लगे हुए हैं।

गोष्ठी के दौरान संवाद सत्र में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने संघ की कार्यप्रणाली और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में नगर एवं चित्तौरा खंड के प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रभावशाली महानुभाव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यवाह भूपेंद्र ने किया।

इस अवसर नगर संघचालक डॉ गोविंद शेखर, चित्तौरा खंड संघचालक धनन्जय, विभाग कार्यवाह अम्बिका प्रसाद, वरिष्ठ अधिवक्ता राम छबीले शुक्ल, नरेन्द्र शुक्ल, अजय शर्मा, छवि रायतानी, विभाग कार्यवाहिका सुनीता सिंह,विभाग सम्पर्क प्रमुख धर्मेंद्र सिंह, विभाग प्रचार प्रमुख अतुल गौड़, नगर कार्यवाह शिवम व जिला प्रचार प्रमुख विपिन समेत नगर के गणमान्य नागरिक एवं विचार परिवार के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story