परीक्षा के बाद भी प्रश्नपत्र हल कर रहे थे छात्र, आरएस गर्ल्स कॉलेज का केंद्र निरस्त

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा के बाद भी प्रश्नपत्र हल कर रहे थे छात्र, आरएस गर्ल्स कॉलेज का केंद्र निरस्त


कानपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। परीक्षा का समय समाप्त होने के बाद भी परीक्षार्थियों के प्रश्नपत्र हल करने और तीनों पालियों के उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट खुले मिलने पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है। साथ ही इससे संबद्ध चार महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र भी बदल दिए गए हैं। यह जानकारी मंगलवार को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों ने उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज (यूएन-77) का निरीक्षण किया था। इस दौरान परीक्षा का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी परीक्षार्थी प्रश्नपत्र हल करते मिले। इसके अलावा तीनों पालियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट भी खुले पाए गए। पर्यवेक्षकों की निरीक्षण आख्या के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे परीक्षा की शुचिता का गंभीर उल्लंघन मानते हुए कॉलेज का परीक्षा केंद्र निरस्त करने का निर्णय लिया।

चार महाविद्यालयों के बदले परीक्षा केंद्र

विश्वविद्यालय की संशोधित व्यवस्था के अनुसार आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज के परीक्षार्थी अब राधा कृष्ण महाविद्यालय, हसनापुर, गजमुरादाबाद (यूएन-47) में परीक्षा देंगे। अयोध्या प्रसाद मिश्रा महाविद्यालय, फतेहपुर चौरासी (यूएन-35) के परीक्षार्थियों का केंद्र आरएलआरपी महाविद्यालय, उगू (यूएन-40) निर्धारित किया गया है।

इसी तरह मां शांति देवी महाविद्यालय, बहटा मुजावर (यूएन-44) के परीक्षार्थी रामरानी विश्वनाथ सिंह बालिका महाविद्यालय, रसूलखेड़ा, हफीजाबाद (यूएन-98) में परीक्षा देंगे। वहीं, अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय (यूएन-72) के परीक्षार्थियों की परीक्षा एलीट कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन, उत्तमनगर, बांगरमऊ (यूएन-100) में होगी।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 17 नवंबर की परीक्षाएं पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न कराई गई हैं। 18 नवंबर से संबंधित चारों महाविद्यालयों की आगामी परीक्षाएं नए निर्धारित केंद्रों पर ही होंगी। इस संबंध में सभी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपने नए परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर वहीं परीक्षा देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778907 Articles

Share this story