988.30 करोड़ की एलिवेटेड ट्रैक परियोजना को मंजूरी, सांसद का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
988.30 करोड़ की एलिवेटेड ट्रैक परियोजना को मंजूरी, सांसद का सम्मान


कानपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा रामादेवी चौराहा से गोल चौराहा तक प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैक परियोजना को नौ सौ अठासी करोड़ तीस लाख रुपये की स्वीकृति मिलते ही कानपुर वासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साकार होने से महानगर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस उपलब्धि पर भाजपा कानपुर उत्तर जिला इकाई द्वारा बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी का भव्य स्वागत एवं धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

आज जैसे ही सांसद नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अगुवाई में पुष्प वर्षा, माल्यार्पण एवं तिलक कर उनका स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गगनभेदी धुनों के बीच सांसद सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सीढ़ियां चढ़ते हुए कार्यालय पहुंचे। कार्यालय परिसर में जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने बारी-बारी से सांसद को फूल मालाओं से लादकर बधाई दी।

स्वागत से अभिभूत सांसद रमेश अवस्थी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह योजना आप सभी के अथक प्रयास और समर्थन का परिणाम है। आपने जो स्नेह और विश्वास देकर मुझे संसद तक पहुंचाया, उसी का यह प्रतिफल है। इस स्वागत का वास्तविक अधिकार आप सभी कार्यकर्ताओं का है। हमने जो वादा किया था, उसे आपकी मेहनत और आशीर्वाद से पूरा किया है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा विधायक नीलिमा कटियार ने भी सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना कानपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सांसद रमेश अवस्थी को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी सोच और जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

इस दौरान क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री अवधेश सोनकर संतोष शुक्ला, जितेंद्र विश्वकर्मा, मनोज अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story