पुलिस को 16 साल से चकमा दे रहा 50 हजार का इनामी ठग गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस को 16 साल से चकमा दे रहा 50 हजार का इनामी ठग गिरफ्तार


कानपुर, 25 अगस्त (हि.स)। बर्रा थाना पुलिस ने 16 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी ठग को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस से बचने के लिए कानपुर, लखनऊ और कानपुर देहात में अलग-अलग ठिकाने बदलकर रहता था। इस दौरान वह फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्र के सहारे अपनी पहचान छिपाता रहा। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं।

डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि मूलरूप से कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के अवनहा बड़ागांव निवासी मनोज सिंह को तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा गया है। वह गोविंद नगर के गुजैनी क्षेत्र में भी अस्थायी पता बनाकर रह रहा था। लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मनोज सिंह ने कार बिक्री के नाम पर फर्म बनाई थी। वह अपने साथियों संजय अग्रवाल और उसके बेटे राहुल अग्रवाल के साथ मिलकर लोगों को कार लोन दिलाने का झांसा देता था। आरोप है कि बैंक अधिकारियों से सांठगांठ कर ग्राहकों के नाम पर बैंक चेक और ड्राफ्ट फर्म के नाम से तैयार कराए जाते थे। इसके बाद रकम बैंक से निकाल ली जाती थी, जबकि लोन लेने वाले लोगों को कार नहीं दी जाती थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी तरीके से सैकड़ों लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस अब आरोपित के पुराने मामलों और उसके साथ जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक फर्जी दस्तावेजों के सहारे लगातार ठिकाने बदलने के कारण वह इतने लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचता रहा।

एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के निर्देशन में बर्रा पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और फेस रिकग्निशन तकनीक की मदद से आरोपित की पहचान की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मनोज सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story