उप्र में जल जीवन मिशन योजना में खामियों की जांच कर हो कार्यवाही : पवन भाई गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में जल जीवन मिशन योजना में खामियों की जांच कर हो कार्यवाही : पवन भाई गुप्ता


आरपीआई(आ.) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता जल जीवन मिशन में खामियों के मामले में मुख्यमंत्री योगी को लिखा पत्र

लखनऊ, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में शासन से होकर सरकार तक विकास योजनाओं को लेकर चल रही उदासीनता पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखने का निर्णय लिया है ताकि सरकार को जनता के मुद्दों पर आईना दिखाया जा सके।

आरपीआई(आ.) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता का कहना है कि जब तक जनता के प्रति जवाबदेही तय नहीं की जाती है, वह पत्र लिखकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते रहेंगे। इसी कड़ी में जल जीवन मिशन में खामियों को उजागर करते हुए पत्र लिखा गया है और इसकी थर्ड पार्टी से जांच कराकर दोषियों को दंडित करने की मांग की गयी है।

पवन भाई गुप्ता की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है कि प्रदेश में केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'जल जीवन मिशन' (हर घर जल) के कार्यान्वयन में हो रही गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं कि सरकार का उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, लेकिन धरातल पर कुछ अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से इस नेक उद्देश्य को पलीता लगाया जा रहा है।

उन्होंने लिखा कि समाचार पत्रों और स्थानीय निवासियों की शिकायतों के माध्यम से बहराइच, प्रयागराज, महोबा और फतेहपुर सहित कई अन्य जनपदों से लगातार गंभीर खबरें आ रही हैं। इनमें घटिया पानी की टंकियों के निर्माण और उनके गिरने समेत तैयार टंकियों से पानी रिस रहा है। पाइप लाइन डालने के नाम पर गांवों की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन ठप है और आए दिन वाहन फंसने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। जहां पाइप लाइन बिछा दी गई हैं ,वहां नलों में पानी नहीं आ रहा है। यह सीधे तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ है। अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि उक्त जनपदों में चल रहे जल जीवन मिशन के कार्यों की उच्च स्तरीय थर्ड पार्टी के माध्यम से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और लापरवाह ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने भरोसा जताया कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की अपनी नीति के अनुरूप तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों पर कार्रवाई करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story