रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला का सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
कानपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर शुक्रवार को आनंद विहार टर्मिनल से कटिहार जा रही गाड़ी संख्या 12488 की एक गर्भवती महिला यात्री को प्रसव पीड़ा होने पर आरपीएफ और मेडिकल टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया। प्राथमिक उपचार के बाद जच्चा और नवजात को बेहतर इलाज के लिए उर्सला अस्पताल रेफर किया गया।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक पाटीदार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराना आरपीएफ की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत महिला को समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। उन्होंने कहा कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं तथा भविष्य में भी ऐसी परिस्थितियों में यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
आरपीएफ के अनुसार बीआईसी ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह ने सूचना दी कि प्लेटफॉर्म संख्या छह स्थित सुरंग के पास गाड़ी संख्या 12488 से यात्रा कर रही गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुनीता ने तत्काल मधुराज क्लीनिक की नर्स कौशिकी को सूचना देकर मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां डॉ. विवेक और मधुराज क्लीनिक का महिला स्टाफ भी मौजूद था।
महिला की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए कपड़ों की ओट कर पर्दे की व्यवस्था की गई। इसके बाद महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के बाद नवजात को सुरक्षित रूप से मधुराज क्लीनिक ले जाया गया तथा प्रसूता को भी बैटरी रिक्शा के माध्यम से क्लीनिक पहुंचाया गया। चिकित्सकीय परीक्षण में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम चंदा खातून, निवासी सहरसा, बिहार बताया। वह पीएनआर संख्या 2955962380 पर आनंद विहार टर्मिनल से कटिहार जा रही गाड़ी संख्या 12488 में यात्रा कर रही थीं। महिला के साथ मौजूद उनके ससुर मो. पिंटू ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से प्रसूता और नवजात को उर्सला अस्पताल पहुंचाया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

