चलती ट्रेन के नीचे गिरी बिहार की महिला को आरपीएफ ने सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
चलती ट्रेन के नीचे गिरी बिहार की महिला को आरपीएफ ने सुरक्षित निकाला


कानपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के बीच गुरुवार को बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच जा गिरी। गंभीर स्थिति को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल के दो उप निरीक्षकों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए महिला को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान ट्रेन के करीब तीन कोच महिला के ऊपर से गुजर चुके थे।

घटना प्लेटफार्म नंबर नौ पर गाड़ी संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान हुई। ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक हेमराज मीणा और अनिल कुमार गौतम ने कुछ यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते देखा। इसी दौरान एक महिला यात्री संतुलन बिगड़ने से ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों ने तत्काल यात्रियों को चेन पुलिंग के लिए सतर्क किया। इस बीच हेमराज मीणा ने दूसरी महिला यात्री को चलती ट्रेन में चढ़ने से रोका।

वहीं, अनिल कुमार गौतम ने महिला के परिजनों को पटरी की ओर जाने से रोकते हुए खुद ट्रेन के नीचे पहुंचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्लेटफार्म पर लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। महिला की पहचान बिहार के शिवहर जिले के माधोपुर छता निवासी कलावती देवी (पत्नी कमल राय) के रूप में हुई।

आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार ने बताया कि छठ पर्व के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

घटना की सूचना तत्काल स्टेशन अधिकारियों और संबंधित नियंत्रण कक्ष को दी गई। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल की मेरी सहेली टीम की महिला कांस्टेबल अलका विश्वकर्मा समेत अन्य जवान भी मौजूद रहे। आरपीएफ अधिकारियों की तत्परता से महिला की जान बच सकी। मौके पर मौजूद परिजनों और यात्रियों ने दोनों उप निरीक्षकों के साहसिक कार्य की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story