चलती ट्रेन से बुजुर्ग महिला गिरी, आरपीएफ सिपाही ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
चलती ट्रेन से बुजुर्ग महिला गिरी, आरपीएफ सिपाही ने बचाई जान


कानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक बुजुर्ग महिला यात्री गाड़ी और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं। आरपीएफ सिपाही की तत्परता से महिला को बचा लिया गया। घटना सेंट्रल स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गयी।

जनपद के मेस्टन रोड इलाके में रहने वाली बुजुर्ग महिला अनवर जहां देर रात पटना जाने के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची। यहां से उन्हें मगध एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी थी। हालांकि सेंट्रल स्टेशन पहुंचने में उन्हें कुछ देरी हो गई। जिस वजह से ट्रेन चल पड़ी। इस बीच ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गयीं। ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल विनोद यादव ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते उन्हें बाहर खींच लिया। जिससे उनकी जान बच गई।

घटना के बाद महिला काफी घबरा गई थी। इसलिए रेलवे पुलिस ने उनकी काउंसलिंग कराते हुए गुरुवार सुबह आठ बजे ब्रह्मपुत्र मेल से पटना के लिए रवाना कर दिया। महिला के बेटे आमिर ने बताया कि हम अपनी नानी के घर पटना जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उधर बुजुर्ग महिला ने भी अपनी इस गलती को स्वीकार करते हुए कहा कि ट्रेन में चढ़ने के दौरान किसी भी तरह की कोई जल्दबाजी न करें।

आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएन पाटीदार ने बताया कि ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया था। जिस वजह से यह हादसा हुआ था। हालांकि समय रहते उन्हें बचा लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story