कांवड़ मेला के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बरत रही आरपीएफ-जीआरपीएफ

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेला के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बरत रही आरपीएफ-जीआरपीएफ


कांवड़ मेला के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बरत रही आरपीएफ-जीआरपीएफ


मुरादाबाद, 11 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के मद्देनज़र हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ, आरपीएसएफ (रेलवे सुरक्षा विशेष बल) और जीआरपी की टीमें पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही हैं।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों एवं कांवड़ियों की भीड़ पर प्रभावी निगरानी के लिए मुरादाबाद मंडल के हरिद्वार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से स्टेशन परिसर में भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को पल-पल की जानकारी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर निम्न व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया गया है कि यात्रियों एवं कांवड़ियों के लिए व्यवस्थित कतार की व्यवस्था कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। दिव्यांग एवं असहाय यात्रियों एवं कांवड़ियों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित सहायता प्रदान की गई तथा उनके सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित किया गया। किसी यात्री के अस्वस्थ होने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

सीनियर डीसीएम ने बताया कि फुट ओवर ब्रिज को खाली एवं सुचारू रखा गया, ताकि वहां भीड़ का दबाव न बने और यात्रियों का आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बना रहे। रेलवे फाटकों पर कांवड़ियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से आवागमन कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story