गोल्डी मेहंदी क्वीन बनीं रोजी वारसी, 500 छात्राओं ने किया प्रतिभाग : सोम गोयनका

WhatsApp Channel Join Now
गोल्डी मेहंदी क्वीन बनीं रोजी वारसी, 500 छात्राओं ने किया प्रतिभाग : सोम गोयनका


कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। सावन के महीने में देश के 20 शहरों में आयोजित होने वाली गोल्डी मेहंदी क्वीन प्रतियोगिता का यह 26वां वर्ष है। कानपुर में 500 छात्राओं के बीच हुई प्रतियोगिता के फाइनल राउंड के लिए चार विद्यालयों की 23 छात्राओं का चयन किया गया, जिसमें रोजी वारसी ने गोल्डी मेहंदी क्वीन-2026 का खिताब हासिल किया। यह बातें गुरुवार को गोल्डी मसाले के निदेशक सोम गोयनका ने कहीं।

सुगम गोल्डी मसाले प्राइवेट लिमिटेड की ओर से गोल्डी मेहंदी क्वीन-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 500 छात्राओं ने हिस्सा लिया। फाइनल राउंड के लिए चार विद्यालयों की 23 छात्राओं का चयन किया गया था। इसमें रोजी वारसी को गोल्डी मेहंदी क्वीन-2026 चुना गया। खुशबू गौतम प्रथम रनरअप और फलक नाज द्वितीय रनरअप रहीं।

कंपनी निदेशक सोम गोयनका ने बताया कि प्रतियोगिता सावन के महीने में 20 शहरों में आयोजित की गई। विजेता को चांदी का ताज, शैशे और माइक्रोवेव डिनर सेट प्रदान किया गया। प्रथम रनरअप को वाटर कूलर और द्वितीय रनरअप को कैसरोल सेट के साथ प्रमाणपत्र दिया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्राओं को भी प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्य निर्णायक एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और यूपीसीडा की एसीईओ दीक्षा जैन ने विजेता को चांदी का ताज और शैशे पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने गोल्डी मसाले के संचालकों को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी।

कंपनी की निर्देशिका मधु गोयनका, रजनी गुप्ता, आँचल गोयनका, निहारिका गुप्ता और मुद्रा गोयनका ने छात्राओं को सम्मानित किया। कंपनी निदेशक सुरेंद्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि गोल्डी प्रतिभा परिचय मंच के माध्यम से प्रदेश में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रही हैं। इसी क्रम में गोल्डी मेहंदी क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन लगातार किया जा रहा है।

निदेशक शुभम गुप्ता और सुदीप गोयनका ने विद्यालयों की प्रधानाचार्याओं और शिक्षिकाओं का स्वागत एवं सम्मान किया। निदेशक आकाश गोयनका ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान गोल्डी समूह के नए उत्पाद ‘गोल्डी स्प्रिंको’ के नाम से सीजनिंग की 11 उत्पादों वाली रेंज भी लॉन्च की गई। बिक्री महाप्रबंधक आलोक सेठ ने बताया कि छात्राओं को श्रीकृष्ण-राधा, शंकर-पार्वती और विवाह के दृश्य विषय के रूप में दिए गए थे, जिन्हें छात्राओं ने मेहंदी के जरिए प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर केदार गुप्ता, हरिओम, सुनील शर्मा और प्रभुनाथ यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story