रोटावेटर में फंसा शॉल, गले में फंदा लगने से किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रोटावेटर में फंसा शॉल, गले में फंदा लगने से किसान की मौत


खेत में जुताई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

बांदा, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर गांव में मंगलवार रात खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर में शॉल फंसने से 36 वर्षीय किसान की गले में फंदा लगने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

आलमपुर गांव निवासी कालका प्रसाद (36) पुत्र इंद्रपाल मंगलवार रात करीब नौ बजे अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान रोटावेटर में मिट्टी फंस गई। मिट्टी निकालने के लिए कालका मशीन के पास पहुंचे और सफाई करने लगे। तभी उनके गले में पड़ा शॉल अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गया। शॉल मशीन में उलझकर खिंचने से उनके गले में फंदा लग गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

परिजन आनन-फानन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले गए, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी रजनी देवी, तीन बेटियां और एक बेटे को छोड़ गया है। हादसे की खबर सुनते ही पत्नी रजनी देवी और मां फूलिया देवी बेसुध हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के छोटे भाई शिवप्रसाद ने बताया कि परिवार के पास चार बीघा कृषि भूमि है। इस हादसे ने परिवार के सामने जीवनयापन का संकट भी खड़ा कर दिया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि आज बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story