रोटरी प्रयागराज संगम ने की सीपीआर ट्रेनिंग एवं जनरल हाउस मीटिंग

WhatsApp Channel Join Now
रोटरी प्रयागराज संगम ने की सीपीआर ट्रेनिंग एवं जनरल हाउस मीटिंग


प्रयागराज, 23 मई (हि.स)। रोटरी प्रयागराज संगम द्वारा समाज सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सीपीआर ट्रेनिंग कार्यक्रम एवं जनरल हाउस मीटिंग का आयोजन सिविल लाइन स्थित एक होटल में सायं किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं सदस्यों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक करना तथा रोटरी गतिविधियों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. फरहान आलम ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में समय पर दी गई प्राथमिक सहायता किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकती है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया तथा स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर रोटरी ग्रैंड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रणव अग्रवाल ने रोटरी मंडल 3120 की वियतनाम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मीटिंग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने वैश्विक स्तर पर रोटरी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों, सामाजिक गतिविधियों एवं अंतरराष्ट्रीय सहभागिता की महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को समाज सेवा के प्रति और अधिक प्रेरित किया।

कार्यक्रम में रोटरी प्रयागराज संगम के अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, सचिव सचिन उपाध्याय, कोषाध्यक्ष अविनाश कुमार, पूर्व अध्यक्ष मन्दीप श्रीवास्तव, एकता जायसवाल, अमरेंद्र सिंह, अनुभव केसरवानी, पिंकी मुखर्जी, अनुराग अस्थाना, विशाल तलवार, जवाहर लाल, अरविंद शुक्ला सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. गरिमा सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन सचिव सचिन उपाध्याय ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रोटरी के मीडिया प्रभारी अनुराग अस्थाना ने बताया कि रोटरी प्रयागराज संगम द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय सेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story