रोटरी इलाहाबाद ने सर्वाेच्च अंक लाने वाली छात्राओं को सम्मानित कर मनोबल बढ़ाया
प्रयागराज, 15 मई (हि.स)। रोटरी इलाहाबाद के अध्यक्ष राजीव रंजन अग्रवाल ने एस.एस.एस. बालिका इंटर कॉलेज लूकरगज में 10वीं और 12वीं में सर्वाेच्च अंक लाने वाली छात्राओं को एक्सीलेंस सर्टिफिकेट, उपहार और पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका मनोबल बढ़ाया। शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के चेयरमैन एवं कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल और अध्यक्ष राजीव रंजन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से स्कूल के बच्चों के लिए 150 लीटर का वाटर कूलर और एक्वागार्ड प्यूरीफायर लगवाया। इस अवसर पर बच्चों और अभिभावकों से कहा गया कि वे अपने बच्चों को इसी तरह प्रोत्साहित करते रहें ताकि वे जीवन में कुछ बन सकें।
इस दौरान नीरज अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारे क्लब के सदस्य मनोज अग्रवाल, सुनील जायसवाल एवं अमिताभ गर्ग ने अपनी शिक्षा की शुरुआत इसी स्कूल से की थी। इसलिए आज के दिन वे सभी उस स्कूल में आकर बहुत आनंदित थे। इस अवसर पर मनोज अग्रवाल ने स्कूल से जुड़ी अपनी तस्वीरें और यादें उपस्थित सभी लोगों के साथ साझा कीं। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव विभु अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, देश दीपक आर्य, राकेश वर्मा, अजय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

