हार्डवेयर दुकान की छत गिरी ,एक की मौत, दो घायल
गाजियाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के गुलाब वाटिका कॉलोनी के दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित हार्डवेयर की तीन मंजिला दुकान की छत सोमवार शाम को करीब चार बजे भरभराकर गिर गई। हादसे में एक राजमिस्त्री समेत तीन लोग मलबे में दब गए। दो श्रमिकों को समय रहते आसपास के लोगों ने मशक्कत से बाहर निकाल लिया। जबकि तीसरे को चार घंटे बाद एनडीआरएफ ने बाहर निकाला। उपचार के दौरान उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि दिल्ली के शाहदरा निवासी कुनाल जैन की गुलाब वाटिका कॉलोनी में हार्डवेयर की दुकान है। वहां दूसरी मंजिल पर गोदाम बना हुआ था। वह तीसरी मंजिल पर गार्डर-पत्थर से दुकान की छत बना रहे थे। छत पर अजीत निवासी गुलाब वाटिका कॉलोनी दीवारों पर प्लास्टर कर रहा था। तीनों मंजिल की छत गर्डर-पत्थर से बनी थी। सबसे ऊपर वाली मंजिल की छत अचानक गिरी तो एक के बाद एक तीनों मंजिल भरभराकर गिर गईं।
इस दौरान राजमिस्त्री अजीत पहली मंजिल पर दुकान में काम करने वाले मुकेश यादव और जतिन दूसरी मंजिल पर मलबे में दब गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मुकेश यादव को मृत घोषित कर दिया।
आसपास के लोगों ने दुकान में निर्माण और सामान रखने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि तीनों तल हार्डवेयर के भारी सामान से भरे हुए थे। छत लोहे के गर्डर और पत्थर से बनी थीं। इन पर क्षमता से अधिक सामान रखा गया था। दूसरे तल की छत पर पानी की टंकी के अलावा निर्माण सामग्री भी रखी थी। इससे आशंका है कि अधिक भार होने के कारण छत गिरी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही लोनी एसडीएम दीपक कुमार, नायाब तहसीलदार रति गुप्ता, एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या और लोनी एसीपी राम किशन मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि मुकेश की मौत हो गई है। जबकि दो श्रमिकों को बचा लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

