एशियाई खेल में जौनपुर के लाल रोहित यादव ने जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल में जौनपुर के लाल रोहित यादव ने जीता कांस्य पदक


एशियाई खेल में जौनपुर के लाल रोहित यादव ने जीता कांस्य पदक


जौनपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों (एशियाड) में जौनपुर के मछलीशहर तहसील क्षेत्र के अदारी डभिया गांव निवासी स्टार जेवलिन थ्रोअर रोहित यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले और देश का मान बढ़ाया है। सोमवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रोहित ने 84.35 मीटर दूर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के रोमेश पथिरागे ने 88.55 मीटर के शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत के ही यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर भाला फेंककर रजत पदक हासिल किया। रोहित यादव ने 84.35 मीटर के प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह जेवलिन थ्रो में भारत के दो खिलाड़ियों ने पोडियम पर जगह बनाई।

रोहित का हालिया नेशनल बेस्ट 87.48 मीटर है। हालांकि वह इस प्रदर्शन को एशियाड में दोहरा नहीं सके, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस बड़ी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने से उनके गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

गांव में बंटी मिठाइयां, ढोल-नगाड़ों पर झूमे ग्रामीण

रोहित के पदक जीतने की खबर मिलते ही अदारी डभिया गांव में जश्न शुरू हो गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी मनाई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। रोहित के पिता सभाजीत यादव और परिवार के सदस्यों को बधाई देने वालों का तांता लग गया।

रोहित के पिता और पूर्व मैराथन धावक सभाजीत यादव ने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है। उन्हें बेटे से स्वर्ण पदक की उम्मीद थी, लेकिन एशिया स्तर की प्रतियोगिता में देश के लिए कांस्य पदक जीतना भी गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोहित अपनी कमियों को दूर कर आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल करेगा------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story