अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, फूल-मालाओं से पटा मियाचक से अदारी तक का रास्ता

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर लौटे अदारी-डभिया निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट रोहित यादव के स्वागत में शुक्रवार को मियाचक से अदारी तक जनसैलाब उमड़ पड़ा। खुली जीप में निकले विजय जुलूस के दौरान रास्ते भर लोगों ने फूल-मालाओं से रोहित का स्वागत किया और युवाओं ने जयकारे लगाकर खुशी जताई।

मियाचक पहुंचते ही बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ रोहित का जोरदार अभिनंदन किया गया। इसके बाद खुली जीप में विजय जुलूस शुरू हुआ। बंधवा बाजार, जगदीशपुर और गोधना बाजार होते हुए जुलूस अदारी पहुंचा। रास्ते में दुकानदारों, ग्रामीणों, युवाओं और खेलप्रेमियों ने रोहित को फूल-मालाएं पहनाईं। कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।

रोहित का काफिला जैसे ही बाजारों और चौराहों से गुजरता, सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट जाती। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में रोहित को करीब से देखने और उनके साथ तस्वीर लेने की उत्सुकता दिखाई दी। युवाओं में विशेष उत्साह रहा। लोगों ने रोहित को एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने की बधाई दी।

ग्रामीणों ने कहा कि रोहित की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा मिलेगी। जापान से गुरुवार शाम दिल्ली पहुंचे रोहित शुक्रवार सुबह विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से निजी कार से मियाचक पहुंचे, जहां क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विजय जुलूस निकाला गया, जो ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन के बीच अदारी की ओर बढ़ा।

विजय जुलूस को लेकर मीरगंज पुलिस भी मुस्तैद रही। भीड़ और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए मार्ग में पुलिस बल तैनात किया गया था। थानाध्यक्ष मीरगंज अरविंद सिंह पुलिसकर्मियों के साथ व्यवस्था संभालते रहे। स्वागत कार्यक्रम में अखिलेश सिंह, रामासरे यादव, विजय श्याम, नितिन यादव, केपी यादव, मनीष सेठ और चंद्रसेन गिरी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story