रोबो रम्बल 3.0 का तीसरा दिन: फाइनल मुकाबलों संग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
रोबो रम्बल 3.0 का तीसरा दिन: फाइनल मुकाबलों संग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा उत्साह


कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी, कानपुर के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव “रोबो रम्बल 3.0” के अंतिम दिन बुधवार को फाइनल मुकाबलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साह चरम पर रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली और पूरे दिन कैंपस में ऊर्जा का माहौल बना रहा।

निदेशक डॉ. आलोक कुमार, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अजय तिवारी व डॉ. शाह आलम ने बताया कि रोबो रम्बल 3.0 का तीसरा दिन तकनीकी प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संतुलित आयोजन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अंतिम दिन पिक एंड प्लेस प्रतियोगिता का आयोजन इनोवेशन सेल में हुआ, जहां प्रतिभागियों ने रोबोट्स के माध्यम से वस्तुओं को निर्धारित समय-सीमा में सटीकता के साथ स्थानांतरित कर अपनी तकनीकी दक्षता दिखाई। वहीं ओपन एयर थिएटर (ओएटी) में रोबो सॉकर और रोबो वॉर के फाइनल मुकाबले आयोजित हुए, जिनमें टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दर्शकों की भारी उपस्थिति ने इन प्रतियोगिताओं को और रोमांचक बना दिया।

एल-1 हॉल में आयोजित लाइन फॉलोइंग रोबोट (एलएफआर) प्रतियोगिता छात्रों के आकर्षण का केंद्र रही। इसमें रोबोट्स को निर्धारित ट्रैक पर बिना भटके आगे बढ़ना होता है, जहां सेंसर की सटीकता और प्रोग्रामिंग कौशल की अहम भूमिका रहती है। कई टीमों ने तेज़ और सटीक प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया।

आईटी लैब में ई-स्पोर्ट्स फाइनल भी आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी गेमिंग स्किल्स और टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। शाम को हेलिपैड ग्राउंड में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। रेड बुल जगरनॉट, डीजे नाइट और कलाकार “लेखक” के लाइव कॉन्सर्ट ने छात्रों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story