डयूटी से हटाए जाने को लेकर रोडवेज के परिचालकों ने काटा हंगामा
राठ झांसी रूट पर चलते थे परिचालक
ड्यूटी बदलने से परिचालकों ने परिसर में काटा हंगामा
हमीरपुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ डिपो में तैनात दो दर्जन से अधिक परिचालकों को स्टेशन इंचार्ज द्वारा ड्यूटी से हटाने को लेकर परिचालकों ने शुक्रवार को रोडवेज परिसर में जमकर हंगामा काटा। परिचालकों का कहना था कि स्टेशन इंचार्ज द्वारा भेदभाव किया जा रहा है। दो दर्जन से अधिक परिचालक स्टेशन इंचार्ज के पास पहुंचे और अपनी बात रखी। ड्यूटी से हटाये जाने पर परिचालकों में आक्रोश व्याप्त रहा।
कस्बे के राठ डिपो से झांसी के लिए प्रतिदिन एक दर्जन बसों का संचालन होता है। जिनमें करीब 24 चालक परिचालकों की ड्यूटी लगाई जाती है। गुरुवार की शाम रोडवेज स्टेशन इंचार्ज निखिल कुमार वर्मा ने राठ से झांसी रूट पर चलने वाले परिचालकों की ड्यूटी हटा दी। शुक्रवार की सुबह जब परिचालक डयूटी पर पहुंचे तो डयूटी चार्ज में उनका नाम नहीं था। जिससे परिचालक भड़क उठे। दोपहर में दो दर्जन से अधिक परिचालकों ने जमकर हंगामा काटा। परिचालक इमरान, शमशाद, प्रीति, अमित सिंह, दिनेश, नौशाद, अभिलाषा, अजाम उल्ला, महेंद्र, शकील, सुहैल, विनोद, धर्मेंद्र, तोहीद, गौतम आदि ने बताया कि उन्हें ड्यूटी से हटाने से पहले स्टेशन इंचार्ज द्वारा न तो कोई जानकारी दी गई और न ही कोई नोटिस दिया गया। वहीं महिला परिचालकों का कहना था कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है।
बताया कि राठ झांसी रूट पर चलने वाले परिचालक पिछले कई सालों से चल रहे थे। उन लोगों की परमानेंट ड्यूटी थी। परिचालकों ने एआरएम आरपी साहू के पास पहुंच कर समस्या रखी। इस संबंध में एआरएम आरपी साहू का कहना था कि राठ झांसी रूट पर कुछ परिचालकों ने कुछ महीने पहले टिकट की चोरी की थी। बताया कि परिचालकों को दूसरे रूट पर ड्यूटी दी जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि परिचालकों की ड्यूटी और अच्छे कार्य को देखकर धीरे धीरे उन्हें उसी मार्ग पर ड्यूटी लगा दी जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

