बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर में तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर, कंडक्टर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर में तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर, कंडक्टर की मौत


औरैया, 19 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात करीब एक बजे बड़ा हादसा हो गया। अछल्दा थाना क्षेत्र की इटैली चौकी के पास नगला धुंधे गांव के सामने किलोमीटर संख्या 277.1 पर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में पीछे वाले डंपर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व कंडक्टर उसमें फंस गए। हादसे में कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह, थानाप्रभारी सुरेशचंद्र सिंह, चौकी प्रभारी विपिन पाल और कुदरकोट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को हटाने के साथ ही केबिन में फंसे चालक और कंडक्टर को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

हादसे में चालक अनुज यादव (35) और कंडक्टर मोनू यादव (30) फंस गए थे। दोनों औरैया जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला धुंधे गांव के रहने वाले थे। अनुज यादव रामनिवास के पुत्र और मोनू यादव जयभान के पुत्र थे।

चालक अनुज यादव को हादसे में हल्की चोटें आईं। उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी भरथना भेजा गया। वहीं, कंडक्टर मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए औरैया मोर्चरी भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story