सड़कों के चौड़ीकरण से विकास को मिलेगी रफ्तार : रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
सड़कों के चौड़ीकरण से विकास को मिलेगी रफ्तार : रमेश अवस्थी


कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। कानपुर को विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। सड़कों का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति देगा। यह बातें रविवार को सांसद रमेश अवस्थी ने विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्यों के शिलान्यास के दौरान कहीं।

कानपुर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सांसद ने रविवार को अपने लोकसभा क्षेत्र में कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुंदरी करण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा।

सांसद ने किदवई नगर चौराहे से बारादेवी होते हुए नंदलाल चौराहे तक लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी अनुमानित लागत 20.96 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही चावला मार्केट चौराहे से परमपुरवा जूही होते हुए हमीरपुर रोड तक सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य का भी शिलान्यास किया गया, जिस पर 12.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

परमपुरवा जूही स्थित पॉपुलर धर्मकांटा पर शाम 5 बजे विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस मौके पर विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि क्षेत्र में जिन मार्गों का अभी तक चौड़ीकरण नहीं हुआ है, उन्हें भी जल्द ही इस योजना में शामिल कर विकसित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, पंकज द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। यह परियोजनाएं आने वाले समय में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ शहर के विकास को नई दिशा देंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story