जौनपुर में 28.47 किलोमीटर सड़कों का होगा चौड़ीकरण, 49.38 करोड़ रुपये मंजूर

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में 28.47 किलोमीटर सड़कों का होगा चौड़ीकरण, 49.38 करोड़ रुपये मंजूर


जौनपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश सरकार ने जौनपुर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जनपद के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। दोनों परियोजनाओं के तहत कुल 28.47 किलोमीटर सड़कों का विकास कराया जाएगा। इन पर 49 करोड़ 38 लाख 24 हजार रुपये खर्च होंगे। शासन ने पहली किस्त के रूप में 9 करोड़ 87 लाख 64 हजार रुपये भी स्वीकृत किए हैं।

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ये विकास कार्य जौनपुर की जनता को समर्पित हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़कों के माध्यम से मुख्य मार्गों से जोड़कर आवागमन को सुगम बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि पहली परियोजना के तहत सलोनी-महमापुर-कोठवार-जंगीपुर-इटौरी-संदहा मार्ग के 15 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसकी कुल स्वीकृत लागत 24 करोड़ 66 लाख 51 हजार रुपये है। इसके लिए पहली किस्त में 4 करोड़ 93 लाख 30 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

दूसरी परियोजना के अंतर्गत लुंबिनी-दुद्धी राज्य मार्ग (135ए) के किलोमीटर 225 से लपरी-अतरौरा-खजुरा-बैरयाकाजी-मीरापुर होते हुए मुबारकपुर मार्ग के 13.470 किलोमीटर हिस्से का विकास कराया जाएगा। इस परियोजना पर 24 करोड़ 71 लाख 73 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके लिए पहली किस्त में 4 करोड़ 94 लाख 34 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

राज्यमंत्री ने बताया कि दोनों परियोजनाओं में निर्माण के साथ पांच वर्ष के अनुरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। शासनादेश के अनुसार दोनों सड़कों का निर्माण 12 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बेहतर होने से ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम राहगीरों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, आर्थिक गतिविधियों और विकास को भी गति मिलेगी। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story