रावतपुर मेट्रो स्टेशन से कंपनीबाग तक निर्माणाधीन सड़क का डीएम ने रात्रि में सीडीओ संग लिया जायजा
कानपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। रावतपुर मेट्रो स्टेशन से कंपनीबाग चौराहे तक करीब 1800 मीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। यह बातें गुरुवार को रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहीं।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर लोक निर्माण विभाग की ओर से काम शुरू कराया जा रहा था। जिलाधिकारी ने विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जांच कराने के बाद ही उसका उपयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, जल निगम नगरीय और मेट्रो के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें, ताकि विभागों के बीच तालमेल की कमी से निर्माण कार्य प्रभावित न हो। संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

