ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोड कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही योगी सरकार

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोड कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही योगी सरकार


ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोड कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही योगी सरकार


--8 किमी लम्बे सिकरीगंज, बेलघाट, लोहरैया मार्ग का भी 22.32 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा सुदृढ़ीकरण

गोरखपुर, 07 मई (हि.स.)। योगी सरकार शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाकों में भी रोड कनेक्टिविटी को सुदृढ़ कर रही है। गोरखपुर में मुख्य मार्गों को फोरलेन कनेक्टिविटी देने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा फायदा, बुनियादी ढांचागत सुविधाओं के विकास से दशकों तक पिछड़े रहे दक्षिणांचल को हो रहा है।

दक्षिणांचल में उरूवा, धुरियापार, शाहपुर, बेलघाट मार्ग का चौड़ीकरण कार्य जहां अंतिम दौर में है तो वहीं सिकरीगंज, बेलघाट, लोहरैया मार्ग के भी सुदृढ़ीकरण का कार्य दो तिहाई से अधिक पूरा हो चुका है। इन मार्गों के कायाकल्प से लाखों की आबादी को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्रांतीय खंड द्वारा करीब 18 किमी की लम्बाई में उरूवा, धुरियापार, शाहपुर, बेलघाट मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। 57.68 करोड़ रुपये की लागत वाली इस सड़क परियोजना की भौतिक प्रगति 95 प्रतिशत है और जून माह के अंत तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस मार्ग को दक्षिणांचल की कनेक्टिविटी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड द्वारा ही 8 किमी लम्बे सिकरीगंज, बेलघाट, लोहरैया मार्ग का भी 22.32 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। इस परियोजना में 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण हो चुका है। विभाग का लक्ष्य जून माह तक काम पूरा करा लेने का है। इस मार्ग के चौड़े और मजबूत होने से भारी वाहनों का आवागमन सुगम होगा। बेलघाट क्षेत्र के लोगों को लोहरैया और सिकरीगंज की ओर जाने में सुगमता होगी।

--जून माह के अंत तक दक्षिणांचल की इन मार्गों का भी हो जाएगा सुदृढ़ीकरण

-13 किमी लम्बा गोरखपुर, खजनी, सिकरीगंज मुख्य मार्ग। लागत 60.58 करोड़ रुपये, भौतिक प्रगति 94 प्रतिशत।

-15 किमी लम्बा महदेवा, दुधरा, सोपरा मार्ग। लागत 35.56 करोड़ रुपये, भौतिक प्रगति 81 प्रतिशत।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story