जर्जर मकान गिरने से रास्ता जाम, हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर मकान गिरने से रास्ता जाम, हादसा टला


हमीरपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मकान मालिक द्वारा बिजली का पोल हटाने को लेकर आठ साल तक शिकायत करने के बाद भी विभाग ने पोल नहीं हटाया जिसके चलते सोमवार को मकान स्वयं गिर गया हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई जबकि पडोसी का मकान जरूर क्षतिग्रस्त हो गया।

मौदहा कस्बे के मोहल्ला बडा कसौडा में कस्बे के जाने माने दवा व्यापारी सोहन लाल का सैकड़ों वर्ष पुराना पैतृक मकान है। जिसपर लगभग 1970 ई. में बिजली विभाग ने एक बिजली का पोल खड़ा कर दिया था। समय के साथ मकान भी जर्जर होने लगा जिसके चलते सोहन लाल परिवार सहित दूसरे मकान में रहने चले गए। इसी बीच सोहन लाल के पुत्र और तत्कालीन सभासद उमेश ओमर ने सन 2018 से बिजली विभाग में पोल हटवाने की शिकायत करना शुरू कर दी लेकिन विभाग के कान में जू नहीं रेंगी। इतना ही नहीं उमेश द्वारा सूचना के अधिकार के तहत मामले में जवाब मांगा गया तो बिजली विभाग द्वारा 71000 रुपये जमा करने की बात कही गई। वहीं सोमवार सुबह से उक्त मकान के गिरने की सम्भावना जताई जा रही थी जिसके बाद बिजली विभाग के जिम्मेदारों को फोन पर सूचना देने का भरसक प्रयास किया गया लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी का फोन नहीं लगा।

जिसके बाद मोहल्ले के युवकों ने रास्ते को दोनों ओर से ब्लॉक कर आवागमन बाधित कर दिया इसी दरमियान मकान भरभरा कर ढह गया। हालांकि युवाओं की पहल के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हो सकी है लेकिन पडोसी सरफराज पुत्र अब्दुल हलीम के मकान को जरूर क्षति हुई है। इस बारे में मकान मालिक उमेश ओमर ने बताया की वह आठ साल से शिकायत कर रहे हैं लेकिन बिजली विभाग हादसे का इंतजार कर रहा था हालांकि मोहल्ले के लोगों के कारण हादसा टला है लेकिन अभी बिजली का पोल गिर सकता है जिससे हादसा होने की सम्भावना है। अगर कोई हादसा होता है तो बिजली विभाग जिम्मेदार होगा। मौदहा के कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि पुराना जर्जर मकान ढह गया है। जिससे आने जाने वाले रास्ता बाधित है। मकान ढहने में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story