तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौत
फर्रुखाबाद ,23 अक्तूबर (हि .स.)।फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में नेकपुर गुमटी के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, लालजीत सक्सेना पुत्र स्वर्गीय बलबीर बाइक से घर से फतेहगढ़ की ओर जा रहा था। नेकपुर गुमटी के पास रेलवे क्रॉसिंग के सामने अचानक उसकी बाइक सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लालजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे आवास विकास स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लालजीत की मौत से पत्नी निशा और उसकी तीन साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि लालजीत चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में तीन बहनें भी थीं, जिनमें एक भाई और एक बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में दो भाई शेष हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

