ईंटो से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी,युवक की दबकर मोत
फर्रुखाबाद, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले की अमृतपुर थाना क्षेत्र के खुशहाली नगला मोड़ पर रविवार दोपहर सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। ईंटों से लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कायमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सोतेपुर निवासी आकाश (20) भट्टे से ईंट लेकर ट्रैक्टर से लौट रहा था। दोपहर के समय जैसे ही ट्रैक्टर खुशहाली नगला मोड़ के पास पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि आकाश ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। थाना अमृतपुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को हटाकर घायल युवक को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस से उसे सीएचसी राजेपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में मां शीला अपने बेटे का नाम लेकर बिलखती रहीं, जबकि बड़े भाई आलोक, बहन दिव्या और सोनम सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। आकाश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
उधर, उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने खुशहाली नगला मोड़ को दुर्घटना संभावित स्थल बताते हुए यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

