मेला देख कर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

WhatsApp Channel Join Now
मेला देख कर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत


फर्रुखाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार काे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन ने पल्लेदार की जान ले ली। दर्दनाक हादसा छोटी जेल के पास हुआ, जब तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने युवक को टक्कर मार दी और वाहन का पहिया उसके सिर और गर्दन के ऊपर से गुजर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय सोनू बाथम के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनू रखा तिराहे पर लगे मेले से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने मानवीय पहल दिखाते हुए घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनू पल्लेदारी का काम करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story