ट्रक ने बुलेट सवार दंपति को मारी टक्कर, महिला की मौत
कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुलेट सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय महिला को कुचल दिया और फरार हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र स्थित रंजीतपुर गांव निवासी सज्जन सिंह किसान हैं। आज वह पत्नी बिटोला (42) के साथ बुलेट से उन्नाव के बीघापुर में कथावाचक प्रदीप मिश्रा का सत्संग सुनने गए थे। दिनभर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को दोनों घर लौट रहे थे।
नौबस्ता रैंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी। इससे दंपति सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि चालक ने ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बिटोला को कुचलते हुए भाग निकला। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची हनुमंत विहार थाने की पुलिस ने घायल सज्जन सिंह को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, बिटोला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है और उनके पति घायल हैं। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

