बाइक से फिसलकर गिरने से महिला की मौत
अमेठी, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई । सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधाधारी मजरे किसनी गांव निवासी हितलाल अपनी पत्नी करिश्मा और दो महीने की बेटी जानकी को लेकर इलाज कराने बाइक से डॉक्टर के यहां ले जा रहा था। तभी रास्ते में सड़क पर गिरी बालू पर बाइक फिसल गई जिसके कारण बाइक पर सवार पति-पत्नी और बेटी तीनों सड़क पर गिर पड़े। जिसके चलते करिश्मा के सिर में गंभीर चोट आई। आनन फानन में पति हितलाल द्वारा करिश्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार शुक्ल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने करिश्मा (27) को मृत घोषित कर दिया। हालांकि इस हादसे में दो माह की बेटी जानकी और पति हितलाल पूरी तरह से सुरक्षित है। किंतु बेटी के सर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया है। घर के लोग छोटे बच्चों को देखकर लगातार रोए जा रहे हैं। ऐसे में अब बच्चे की देखभाल कौन करेगा।
इस संबंध में बाजार शुक्ल के थानाध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गई। जहां पर करिश्मा की लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

