सड़क हादसों में मामा-भांजे समेत चार की मौत, आठ घायल
बड़ा बाईपास पर ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को कुचला, डाकिया की जान लेने के बाद पलटा ऑटो; बदौसा के पास बाइक से गिरकर महिला की मौत
बांदा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मंगलवार की रात अलग-अलग सड़क हादसों में मामा-भांजे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। शहर के बड़ा बाईपास के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को कुचल दिया। दोनों की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। दूसरे हादसे में तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार डाकिया को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद ऑटो पलटने से सात लोग घायल हो गए। तीसरी घटना में बदौसा के पास चलती बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई। तीनों हादसों से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
ट्रक ने मामा-भांजे को कुचला, दोनों की मौत
शहर के बड़ा बाईपास के समीप मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को कुचल दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पैलानी थाना क्षेत्र के खपिटहा कलां गांव निवासी राजबहादुर ने बताया कि उसका 22 वर्षीय पुत्र अंकित धुरिया बबेरू कस्बे के राघव थोक में अपनी ननिहाल दशहरा देखने गया था। मंगलवार की रात वह अपने 30 वर्षीय मामा सुनील धुरिया पुत्र शिवकुमार के साथ बाइक से बांदा आ रहा था। इसी दौरान बड़ा बाईपास के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए दोनों को कुचल दिया। टक्कर लगने से मामा-भांजे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस दोनों को मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तलाशी के दौरान मिले मोबाइल नंबरों से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अंकित चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मजदूरी करता था। उसकी मां कजेलिया का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सुनील दो भाइयों में बड़ा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से मां आशा देवी बदहवास है।
ऑटो की टक्कर से डाकिया की मौत, सात घायल
दूसरा हादसा ककनारे बाबा मोड़ के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार डाकिया को टक्कर मार दी। हादसे में डाकिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी घायल हो गया। टक्कर के बाद अनियंत्रित ऑटो सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार सात लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हरियाणा के टिटोली गांव निवासी संदीप ने बताया कि उसका 21 वर्षीय भतीजा हर्ष पुत्र बृजेंद्र जसपुरा कस्बे के डाकघर में डाकिया के पद पर तैनात था। वह पैलानी में किराये के मकान में रहता था। मंगलवार की शाम हर्ष अपने 22 वर्षीय साथी विकास निवासी विवानी के साथ बाइक से किसी काम से बांदा आ रहा था। ककनारे बाबा मोड़ के पास सामने से आ रहे ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास घायल हो गया।
टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार चंदवारा गांव निवासी 35 वर्षीय विजय बहादुर, 48 वर्षीय देवीदीन, सिंधन कला निवासी 26 वर्षीय मोहित सिंह, अतर्रा निवासी 38 वर्षीय सैना, 30 वर्षीय साधना, 35 वर्षीय श्याम, 17 वर्षीय शीलू और 70 वर्षीय राम घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हर्ष के चाचा ने बताया कि वह करीब डेढ़ वर्ष से जसपुरा में तैनात था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता भी सरकारी नौकरी करते हैं। बेटे की मौत से मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
चलती बाइक से गिरकर महिला की मौत
तीसरी घटना बदौसा के पास हुई। यहां चलती बाइक से गिरकर 40 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फतेहगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर निवासी रजनीश ने बताया कि मंगलवार की रात वह अपनी मां शोभा पत्नी सुशील को बाइक से अतर्रा थाना क्षेत्र के मुरलिया पुरवा लेकर जा रहा था। बदौसा के पास अचानक उसकी मां चलती बाइक से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे पहले बदौसा अस्पताल और फिर सीएचसी अतर्रा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
रजनीश ने बताया कि उसकी मां अपने नवजात भतीजे की मौत पर मायके जा रही थी। रास्ते में हादसा हो गया। मृतका अपने पीछे तीन पुत्र छोड़ गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रतिज्ञा ने बुधवार को बताया कि सभी शवों का आज पोस्टमार्टम कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

