मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बीबीए छात्रा की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बीबीए छात्रा की मौत


मथुरा, 21 अगस्त(हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में जीएलए विश्वविद्यालय की बीबीए की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपनी स्कूटी से ओमेक्स सिटी की तरफ से क्लास लेने यूनिवर्सिटी जा रही थी, तभी जैत कट के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद लहूलुहान अवस्था में पड़ी छात्रा की सूचना उसके भाई अंशुमान पुत्र प्रद्युम्ननाथ तिवारी ने आपातकालीन सेवा डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छात्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, जिला अस्पताल में परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक छात्रा मूलरूप से बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदी की रहने वाली थी और मथुरा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह अपनी स्कूटी से यूनिवर्सिटी के लिए निकली थी, लेकिन जैत कट के समीप अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने उसकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। छात्रा की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story