डिवाइडर पार कर गैस टैंकर से भिड़ी फॉर्च्यूनर , कारोबारी की मौत, चालक गंभीर
कानपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे इंडेन गैस टैंकर से टकरा गई। हादसे में कारोबारी की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
स्वरूप नगर निवासी पवन अग्रवाल (60) चौड़गरा में कत्था फैक्टरी चलाते थे। आज वह अपनी फॉर्च्यूनर से फैक्टरी जा रहे थे। कार उनका चालक चला रहा था। महोली मोड़ के पास चंद्रिका ढाबा के सामने अचानक कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान प्रयागराज से मथुरा की ओर जा रहे गैस टैंकर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कार में फंस गया। हादसे की सूचना पर एनएचएआई टीम और महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने कार को काटकर चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
वहीं पुलिस ने घायल पवन अग्रवाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक का उपचार जारी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

