तेर रफ्तार बाइक मवेशी से टकराई, बिजली ठेकेदार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेर रफ्तार बाइक मवेशी से टकराई, बिजली ठेकेदार की मौत


बांदा, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर मवेशी से जा टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल दाे लाेगाें का उपचार जारी है।

बरसाना निवासी एजाज, मिराज और औरैया के चिरुल धाम का प्रभात चतुर्वेदी बुलेट से गुरुवार की रात बांदा की ओर आ रहे थे। अमलोर-पिपरहरी के बीच अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। उसे बचाने की कोशिश में बुलेट मवेशी से जा भिड़ी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान प्रभात चतुर्वेदी ने दम तोड़ दिया।

प्रभात पिछले छह माह से बांदा के सिविल लाइन क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर विद्युत विभाग से संबंधित निजी ठेकेदारी का काम करते थे। वह पैलानी क्षेत्र में बिजली के काम के सिलसिले में गए थे। काम पूरा करने के बाद वापस लौटते समय रास्ते में हादसा हो गया। उनके निधन की खबर सुनकर खां चुन्नी देवी, पत्नी विद्या का राे-राेकर हाल बेहाल है। वह चार भाईयाें में तीसरे के नंबर के थे।उनका एक चार साल का बेटा अरनव है।

खपटिहा कलां चौकी प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटना की जानकारी जुटाई। आवश्यक कार्रवाई के बाद प्रभात के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story