ट्रैक्टर ने दो बाईकों में मारी टक्कर, एक की मौत, कई गंभीर
हमीरपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के सैना और करगवां गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। जिसमें चार की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज उरई रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
करगवां गांव निवासी भान सिंह ने गुरुवार को बताया कि उसके पास दो बीघा जमीन है। उनके दो पुत्र अमन और अनिकेत हैं। घर में रिश्तेदार आने पर उनका 20 वर्षीय छोटा पुत्र अनिकेत अपने चचेरे भाई 14 वर्षीय यश पुत्र पूरन और रिश्तेदार के पुत्र 20 वर्षीय आनंद पुत्र किशन निवासी बड़ेबरा थाना चिकासी के साथ बाइक से समोसे लेने राठ आ रहा था। सैना और करगवां गांव के बीच राठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने दूसरी बाइक में भी टक्कर मार दी। हादसे में मझगवां थाना क्षेत्र के धगवां गांव निवासी 40 वर्षीय राकेश पुत्र हरिप्रसाद और 23 वर्षीय रविंद्र कुमार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉ राघव ने अनिकेत, यश, आनंद और राकेश की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अनिकेत ने दम तोड़ दिया। जबकि यश, आनंद और राकेश का उरई में इलाज चल रहा है। अनिकेत की मौत से मां शीला का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। मृतक अविवाहित था। कोतवाल अनूप सिंह ने गुरुवार को शाम बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

