बागपत में श्रद्धालुओं की बस पर पलटा ईंटों से भरा ट्रक, 9 घायल

WhatsApp Channel Join Now
बागपत में श्रद्धालुओं की बस पर पलटा ईंटों से भरा ट्रक, 9 घायल


बागपत, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले में रविवार को हाईवे पर राष्ट्र वंदना चौक के पास ओवरटेक करते समय ईंटों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं से भरी बस पर पलट गया। हादसे में नौ श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

राजस्थान के बागड़ धाम के दर्शन कर श्रद्धालु प्राइवेट बस से अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। रविवार की सुबह तीन बजे पीछे से आ रहा ट्रक ओवरटेक करने के प्रयास में संतुलन खो बैठा। ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए सीधे बस पर पलट गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, घायलों में संजय, गोरी, राजू, हिमांशु, कश्मीरा, गुड्डो, पंकज और नेमपाल समेत नौ लोग शामिल हैं।

पुलिस ने बुलडोजर की मदद से क्षतिग्रस्त बस, ट्रक और सड़क पर फैली ईंटों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story