ट्रैक्टर से कुचलकर एमआर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैक्टर से कुचलकर एमआर की मौत


प्रयागराज, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कर्नलगंज थाना क्षेत्र में डाइमंड जुबली छात्रावास के पास बुधवार को ट्रैक्टर से कुचलकर मोटरसाइकिल सवार एमआर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमनगर निवासी प्रवीण कुमार आर्या (30) पुत्र स्वर्गीय मनीष कुमार आर्या की मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के चाचा मधुर स्नेह आर्या ने बताया कि प्रवीण दो बहनों में अकेला था। वह अंदवा में स्थित एक दवा कंपनी में एम आर का काम करता था। बुधवार सुबह वह अपनी पत्नी अनुजा को ससुराल सलोरी में छोड़कर मोटरसाइकिल से अंदावा जा रहा था कि रास्ते में ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story