फर्रुखाबाद: सड़क हादसे में वृद्ध किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: सड़क हादसे में वृद्ध किसान की मौत


फर्रुखाबाद,16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में अमृतपुर थाना क्षेत्र के नगला घाघ विलालपुर निवासी किसान राजाराम (७३) की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बेटे के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मक्का लेकर जलालाबाद मंडी जा रहे थे।

इस दौरान शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में बूंदाबांदी शुरू होने पर उन्होंने सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी और मक्का को भीगने से बचाने के लिए उस पर तिरपाल डालने लगे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजाराम कई फीट दूर जा गिरे और उनका एक पैर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर रूप से घायल किसान को उनका बेटा सुरजीत तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के बेटे सुरजीत ने बताया कि मक्का की फसल बटाई पर की थी और उसे बेचने के लिए जलालाबाद मंडी जा रहे थे। रास्ते में बारिश शुरू होने पर तिरपाल डालते समय यह हादसा हो गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष जेएस सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story