आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दाे की मौत व तीन गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दाे की मौत व तीन गंभीर


आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दाे की मौत व तीन गंभीर


अमेठी, 19 मार्च (हि.स.)। जगदीशपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे रनकापुर गांव के पास हुई। तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जामो थाना क्षेत्र के दतनपुर कटारी गांव निवासी बाबूलाल (60) पुत्र श्रीराम और जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव निवासी सोनू (17) पुत्र पप्पू के रूप में हुई है।

घटना में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है ।

जगदीशपुर कोतवाल धीरेन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story