लोहिया संस्थान में प्रत्येक शनिवार चलेगी हार्ट फेल्योर एवं पल्मोनरी हाइपरटेंशन क्लिनिक
लखनऊ, 05 सितंबर (हि.स.)। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के कार्डियोलॉजी विभाग में शनिवार को हार्ट फेल्योर एवं पल्मोनरी हाइपरटेंशन क्लिनिक का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने किया। यह विशेष क्लिनिक प्रत्येक शनिवार प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक कार्डियोलॉजी ओपीडी में संचालित होगा। क्लिनिक में हार्ट फेल्योर तथा पल्मोनरी हाइपरटेंशन से पीड़ित मरीजों के लिए एक समर्पित टीम द्वारा विस्तृत मूल्यांकन, उपचार, नियमित फॉलो-अप और आवश्यक परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
क्लिनिक का संचालन कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. आशीष झा एवं डॉ. मिथिलेश यादव द्वारा किया जाएगा। मरीजों के लक्षणों, दवाओं, रक्तचाप, हृदय गति, वजन, सूजन, सांस फूलने की गंभीरता तथा आवश्यकता के अनुसार ईसीजी, इकोकार्डियोग्राफी और अन्य जांचों का मूल्यांकन किया जाएगा। मरीजों को दवाओं के नियमित सेवन, नमक एवं तरल की मात्रा, व्यायाम, वजन की निगरानी तथा बीमारी बिगड़ने के शुरुआती संकेतों के बारे में भी परामर्श दिया जाएगा।
किन मरीजों के लिए है विशेष क्लिनिक
पहले से हार्ट फेल्योर या पल्मोनरी हाइपरटेंशन का निदान हो।
बार-बार सांस फूलने, पैरों में सूजन या अत्यधिक थकान की शिकायत रहती हो।
रात में सांस फूलने से नींद खुलती हो या कई तकिए लगाकर सोना पड़ता हो।
हार्ट अटैक के बाद हृदय की पम्पिंग क्षमता कम बताई गई हो।
फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में दबाव अधिक बताया गया हो।
हृदय की मांसपेशियों, वाल्व अथवा सांस फूलने की समस्या हो।
हार्ट फेल्योर के कारण बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ता हो।
क्लिनिक का उद्घाटन करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने कहा “हार्ट फेल्योर एवं पल्मोनरी हाइपरटेंशन ऐसे रोग हैं जिनमें केवल एक बार उपचार पर्याप्त नहीं होता, बल्कि नियमित निगरानी और समय-समय पर उपचार में बदलाव अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस समर्पित क्लिनिक से मरीजों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ मूल्यांकन, नियमित फॉलो-अप और आवश्यक परामर्श मिलेगा। हमारा प्रयास है कि गंभीर हृदय रोगों के मरीजों को संस्थान में व्यवस्थित, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली विशेष सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।”
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

