रालोद में कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने थामा पार्टी का दामन

WhatsApp Channel Join Now
रालोद में कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने थामा पार्टी का दामन


बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने दिलाई सदस्यता

लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का जनाधार बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे संगठन विस्तार अभियान के तहत बस्ती में कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में बस्ती प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने रालोद में शामिल होकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में अखिल भारतीय गोस्वामी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बलरामपुर के जिला पंचायत सदस्य महंत ध्रुव भारती, कुदरहा की पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोस्वामी कुमकुम भारती, महादेवा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष (बसपा) अरुण कुमार चौधरी, ग्राम प्रधान बारीघाट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लालगंज वीरेंद्र कुमार (बब्लू), ग्राम प्रधान बैडारी मुस्तहकम अभिषेक यादव, ग्राम प्रधान उमरिया ओमकार चौधरी, ग्राम प्रधान चौबाह रमेश यादव, प्रधान प्रतिनिधि भक्तुपुर संतोष यादव और प्रधान प्रतिनिधि भेड़वा जितेंद्र कुमार शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकदल भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए किसान, मजदूर, नौजवान और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष कर रहा है। पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर नए लोगों का जुड़ना संगठन के लिए उत्साहजनक है। इससे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और उसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नए सदस्य चौधरी चरण सिंह की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। यह जानकारी राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story