रालोद केन्द्रीय संसदीय बोर्ड की दिल्ली में बुधवार को होगी पहली बैठक

WhatsApp Channel Join Now
रालोद केन्द्रीय संसदीय बोर्ड की दिल्ली में बुधवार को होगी पहली बैठक


लखनऊ, 07 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की केन्द्रीय संसदीय बोर्ड की पहली बैठक बुधवार 8 जुलाई 2026 को प्रातः 11.00 बजे रफी मार्ग, नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब के कमेटी रूम में होगी। यह जानकारी पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय सचिव समर पाल सिंह ने मंगलवार को दी।

उन्होंने जारी पत्र में बताया कि उक्त बैठक की अध्यक्षता संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष के.सी. त्यागी करेंगे। बैठक में पार्टी अध्यक्ष एवं केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी सहित सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि रालोद केन्द्रीय संसदीय बोर्ड का गठन गत 30 जून को किया गया है। इसके पीछे उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति और तैयारियों के साथ ही अन्य प्रदेशों में संगठन विस्तार की रूपरेखा को मजबूत करना है। इसी क्रम में बुधवार को संसदीय बोर्ड की पहली बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि रालोद इसमें संगठन विस्तार और यूपी चुनाव को लेकर अहम निर्णय लेकर चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति तय कर सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story