बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रालोद ने प्रदेश कार्यालय में की गोष्ठी

WhatsApp Channel Join Now
बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रालोद ने प्रदेश कार्यालय में की गोष्ठी


लखनऊ, 6 दिसंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे के नेतृत्व में शनिवार को पूर्व विधायक शिवकरण सिंह तथा राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों के साथ जीपीओ स्थित महान समाज सुधारक एवं भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत प्रदेश मुख्यालय पर बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।

गोष्ठी का शुभारंभ राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक अन्याय, भेदभाव और विषमता के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया और विश्व को मानवाधिकारों तथा समानता का अनोखा संदेश दिया। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम उनके मूल्यों को केवल याद न करें, बल्कि उन्हें अपने आचरण और नीति निर्माण में उतारें। बाबा साहेब मानते थे कि यदि समाज का सबसे पिछड़ा और वंचित व्यक्ति सम्मान से नहीं जी पा रहा, तो देश वास्तव में स्वतंत्र नहीं कहा जा सकता। आज रालोद उन्हीं सिद्धांतों पर चलते हुए किसानों, मजदूरों, दलितों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्ग की आवाज बनकर खड़ा है। संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रहेगा और यही बाबा साहेब के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इसके बाद पूर्व विधायक शिवकरन सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान और न्याय दिलाने की लड़ाई बाबा साहेब ने लड़ी। आज हमारा कर्तव्य है कि हम व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर सामाजिक सौहार्द और समान अवसरों की दिशा में काम करें।

इसके बाद राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने कहा कि देश के संविधान पर कोई आंच न आए, यह हमारी पहली प्रतिबद्धता है। शिक्षा, जागरूकता और समान अधिकार भारत को मजबूत बनाएंगे। बाबा साहेब के सपनों का राष्ट्र तभी संभव है जब अवसरों में असमानता समाप्त हो।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि बाबा साहेब की विचारधारा रालोद के सिद्धांतों के केंद्र में है। समाज के वंचित लोगों की आवाज बुलंद करते रहना और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करना ही हमारी जिम्मेदारी है। हम सब मिलकर उनके मिशन को आगे ले जाएं, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, प्रदेश महासचिव मनोज सिंह चौहान, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, प्रदेश सचिव प्रमोद शुक्ला, अफसर अली, सम्राट सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, शहजाद आदि पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story