रालोद का राष्ट्रीय अधिवेशन 16 नवंबर को मथुरा में होगा आयोजित : त्रिलोक त्यागी
अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की जाएगी औपचारिक घोषणा
लखनऊ, 3 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 16 नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में आयोजित किया जाएगा। इस अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा की जाएगी। इस ऐतिहासिक अधिवेशन में देशभर से पार्टी के सभी प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह जानकारी सोमवार को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल का सदस्यता अभियान 14 अप्रैल 2025, डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर आरंभ किया गया था, जो 31 अक्टूबर 2025 लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती तक चला। यह सदस्यता अभियान पार्टी के इतिहास में सबसे व्यापक और सफल रहा, जिसके माध्यम से लाखों नए कार्यकर्ताओं ने पार्टी से जुड़कर किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों की आवाज़ को और मजबूत किया।
श्री त्यागी ने बताया कि इस अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा की जाएगी। अधिवेशन का उद्देश्य संगठन को और सशक्त बनाना, पार्टी की भावी रणनीति पर विमर्श करना तथा आगामी राजनीतिक दिशा तय करना है।
राष्ट्रीय महासचिव संगठन ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सदैव चौधरी चरण सिंह के विचारों और सिद्धांतों पर चलते हुए किसानों, गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है। आज जब देश सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है, ऐसे में पार्टी का यह राष्ट्रीय अधिवेशन न केवल संगठनात्मक एकता का प्रतीक होगा बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक अवसर भी सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि अधिवेशन में देशभर के सभी राज्यों से पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। अधिवेशन के दौरान संगठन विस्तार, नीति निर्धारण, तथा किसान एवं युवा केंद्रित कार्यक्रमों पर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। रालोद का यह अधिवेशन मथुरा की पवित्र भूमि से पार्टी की नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता का संदेश पूरे देश में प्रसारित करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

